मुख्य लिंक

                                       मुखपृष्ठ   गीत     गजल     कविताएं

Thursday, April 9, 2015

गजल

रंजो गम मुफलिसी की गज़ल जिंदगी
राजेश त्रिपाठी
रंजो गम मुफलिसी की गज़ल जिंदगी।
कैसे कह दें खुदा का फज़ल जिंदगी।।
भूख की आग में तपता बचपन जहां है।
नशे में गयी डूब जिसकी जवानी ।।
फुटपाथ पर लोग करते बसर हैं।
राज रावण का सीता की आंखों में पानी।।
किस कदर हो भला फिर बसर जिंदगी।
कैसे कह दें.....
चोर नेता हैं, शासक गिरहकट जहां के।
पूछो मत हाल कैसे हैं यारों वहां के ।।
कहीं पर घोटाला, कहीं पर हवाला।
निकालेंगे ये मुल्क का अब दिवाला ।।
इनके लिए बस इक शगल जिंदगी।
कैसे कह दें....
राज अंधेरों का उजालों को वनवास है।
ये तो गांधी के सपनों का उपहास है।।
कोई हर रोज करता है फांकाकसी ।
किसी की दीवाली तो हर रात है ।।
मुश्किलों की भंवर जब बनी जिंदगी।
कैसे कह दें....
जहां सच्चे इंसा का अपमान हो।
खो गया आदमी का ईमान हो ।।
योग्यता हाशिए पर जहां हो खड़ी।
पद से होती जहां सबकी पहचान हो।।
उस जहां में हो कैसे गुजर जिंदगी।
कैसे कह दें...
सियासत की चालों का ऐसा असर है।
मुसीबत का पर्याय अब हर शहर है।।
कहीं पर है दंगा, कहीं पर कहर है।
खून से रंग गयी मुल्क की हर डगर है।।
किस कदर बेजार हो गयी जिंदगी।
कैसे कह दें खुदा का फज़ल जिंदगी।

Saturday, March 28, 2015

गीत

 वो तेरा मुसकराना सबेरे-सबेरे
राजेश त्रिपाठी
वो तेरा मुसकराना सबेरे-सबेरे।
ज्यों बहारों का आना सबेरे-सबेरे।।
      पागल हुई क्यों ये चंचल हवा।
      आंचल तेरा क्यों उड़ाने लगी।।
      बागों में कोयल लगी बोलने ।
      मन मयूरी को ऐसा लुभाने लगी।।
कामनाओं ने लीं फिर से अंगडाइयां।
जो तुम याद आयीं सबेरे-सबेरे।।
      मौसम में रौनक नयी आ गयी।
      हर तरफ रुत बसंती है छा गयी।।
      मन हुआ बावरा तेरे प्यार में।
      तुम बिन भाता नहीं कुछ संसार में।।
तुम नहीं तो ऐसा मुझको लगा।
मन गया हो ठगा सबेरे-सबेरे।।
      तुम जिधर देखो जिंदगी सांस ले।
      तुमसे हर कली ऐसा एहसास ले।।
      गंध भर दे, तन-मन कर दे मगन।
      जग उठे मन में मिलन की अगन।।
बज उठी हैं हवाओं में शहनाइयां।
क्या तुमने कहा कुछ सबेरे-सबेरे।।
      तुम मेरी जिंदगी, तुम मेरा ख्वाब हो।
      हर सवालों का तुम ही तो जवाब हो।।
      तेरी आंखों में देखे हैं शम्सो-कमर*।
      नूर ही नूर है जिधर है तेरी नजर।।
जिंदगी जिंदगी बन गयी।
नजर तुमसे मिली जो सबेरे-सबेरे।।
      तुम विधाता का सुंदर वरदान हो।
      तुम धड़कते दिलों का अरमान हो।।
      तुम मेरी बंदगी, जिंदगी हो मेरी।
      तुम मेरी कामना, कल्पना हो मेरी।।
यों लगा घिरी सावनी फिर घटा।
तुमने जुल्फी संवारीं सबेरे-सबेरे।
* शम्सो-कमर=सूरज-चांद